मानिकपुर(चित्रकूट)। मारकुंडी थाना क्षेत्र के शबरी जलप्रपात मार्ग पर स्थित बम्भिया गांव के समीप शबरी मंदिर पर विराजित राम लक्ष्मण जानकी की प्रतिमा अराजक तत्वों ने तोड़ दी। इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों में आक्रोश जताया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया और आश्वासन दिया है कि ऐसे अराजक तत्व को जल्द ही पकड़ा जाएगा।
शबरी जलप्रपात वाले रास्ते में शुरू में ही सड़क के किनारे बने शबरी मंदिर की मूर्तियों को कुछ अराजक तत्वों ने खंडित कर दिया। सूचना के तहत कुछ दिन पहले मनगवां गांव की काली देवी की मूर्ति भी तोड़ दी गई थी लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा संज्ञान नहीं लिया गया था फिर से अराजकतत्वों ने शबरी मंदिर में स्थापित रामलक्ष्मण व सीता की मूर्ति खंडित कर दी। ग्रामीणों ने बताया शबरी आश्रम के आसपास शराब की खाली बोतलें पड़ी हैं। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष चित्रसेन सिंह ने बताया कि मौके के हालात देखकर लगता है कि शराबियों द्वारा शराब पीकर यह किया। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।