चित्रकूट। आरपीएफ जवान का शव मंगलवार को तड़के उसकी ससुराल के घर के गेट के पास मिला। पत्नी व ससुरालीजनों ने इसे संदिग्ध अवस्था में मौत बताया है जबकि मृतक के परिजनों ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई करने की बात कही है।
सतना मप्र जनपद के ग्राम चोरहा थाना मझगवां निवासी बृजकिशोर द्विवेदी (41) पुत्र जयगोविन्द सिकन्दराबाद के नादेड में आरपीएफ थाने में तैनात था। तीन दिन पूर्व ससुराल मुख्यालय के शंकरगंज स्थित अवध नारायण तिवारी के यहां आया था। ससुरालीजनों के अनुसार सोमवार को देर शाम परिवार के साथ भोजन कर वह कमरे में सो गया। ससुरालीजन जब मंगलवार की सुबह जागे तो घर के बाहर का गेट खोलते ही बृजकिशोर मरणासन्न दशा में मिला। इस पर आनन फानन अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी स्मृति द्विवेदी व ससुर अवधेश नारायण तिवारी ने बताया कि सोमवार की रात घर के दोनों मुख्य गेट का ताला बंद था। जिसकी चाबी उनके पास थी। आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि रात को कैसे घर के बाहर निकल गए। मृतक के मामा, चाचा व भाई ने ससुरालीजनों पर आरोप लगाते हुए बताया कि हत्या की गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को मोर्चरी भेजा है। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के भाई विष्णुदेव द्विवेदी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने घटना के संबंध में सूचना दिया था। बताया कि कोतवाली में मृतक की पत्नी स्मृति द्विवेदी, सास मीरा, साली मनु व रोशनी के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
तीन डाक्टर के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
चित्रकूट। मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण एसपी मनोज कुमार झा के निर्देश पर तीन डाक्टरों के पैनल से मृत आरपीएफ जवान के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जिसकी वीडियो रिकार्डिग भी कराई गई है।
पत्नी से अक्सर होता विवाद
चित्रकूट। मृत आरपीएफ जवान बृजकिशोर की शादी शहर के शंकर बाजार निवासी स्मृति द्विवेदी से सन 2006 में हुई थी। उनकी एक पांच साल की बेटी है। स्मृति का कहना है कि पति शराब पीने का आदी था। महाराष्ट्र में ड्यूटी के बाद घर आकर उसे मारता पीटता था। वहां से ट्रांसफर होने के बाद वह चार साल पहले उसे छोड़कर मायके चली आई। उसकी कई आदतों से वह बेहद परेशान रहती थी। उधर मृतक के भाई विष्णु द्विवेदी ने बताया कि स्मृति द्विवेदी उसके आरपीएफ जवान भाई को अक्सर गालीगलौज करती थी। उसका सारा वेतन अपने बैंक खाते में मंगाती थी जिससे उसका भाई सौ सौ रुपये के लिए परेशान रहता था। आरोप लगाया कि भाई की पत्नी शहर व कुछ स्थानों पर प्राइवेट स्कूल चलाती है और खुद को हाई प्रोफाइल बताती है। कुछ दिन पूर्व वह ड्यूटी के दौरान कई जवानों के साथ निलंबित हुुआ था। बहाली के बाद मिली पूरी रकम भी पत्नी के खाते में आई। आरोप लगाया कि जिस दिन से उसका भाई ससुराल आया था उसी दिन से उसे घर में पत्नी व अन्य लोग मारते पीटते थे। घटना के दिन भी उसे पत्नी के इशारे पर किसी से पिटवाकर मरवाया गया है। भाई के हाथ पैर व पीठ पर कई वार के निशान हैं।