फोटो- 6- नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष साधना पटेल । संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। भाजपा की साधना पटेल ने कांग्रेस की चुन्नी देवी को तीन मतों से हराकर नगर पंचायत चित्रकूट अध्यक्ष की सीट पर कब्जा कर लिया है। 22 साल की उम्र में वह अध्यक्ष बनीं हैं।
नगर पंचायत चित्रकूट मध्य प्रदेश की सीट महिला पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। सोमवार को चित्रकूट मप्र क्षेत्र राघवघाट पर स्थित नगर पंचायत कार्यालय में मतदान हुआ। 15 मतों के सापेक्ष साधना पटेल को नौ मत व चुन्नी देवी को छह मत मिले है। मतगणना एसडीएम पीएस त्रिपाठी व नायब तहसीलदार ऋषि कुमार की मौजूदगी में हुई। एसडीएम ने साधना पटेल को विजेता का प्रमाणपत्र सौंपा। सांसद गणेश सिंह और सैकड़ों समर्थकों ने उन्हें बधाई थी।
कांग्रेस से छीनी सीट
चित्रकूट। लगातार दो बार नगर पंचायत चित्रकूट के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के नीलांशू चतुर्वेदी और प्राची चतुर्वेदी का कब्जा था। इस बार के चुनाव में भाजपा ने यह सीट कांग्रेस से छीन ली।
पढ़ाई के साथ राजनीति में दिलचस्पी
चित्रकूट। चौबेपुर गांव के गढईपुर निवासी साधना का परिवार साधारण किसान है। परिवार का कोई राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष साधना पटेल ने कहा कि वह चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में बीएससी की पढ़ाई कर रहीं हैं। इस चुनाव की चर्चा सुनतीं रहतीं थीं। अचानक उन्हें भी इसमें दिलचस्पी हुई और उसने परिवार में इस संबंध में बातचीत की। परिवार की रजामंदी के बाद उसने पार्षद पद के लिए नामांकन करने की बात की तो भाजपा नेताओं का समर्थन मिल गया। वह भाजपा समर्थित प्रत्याशी बन गई और फिर इसी तरह अध्यक्ष पद के लिए भी हुआ। उसने अध्यक्ष बनने के लिए नहीं सोचा था, लेकिन अब मौका मिला है तो इसका जनता की सेवा करेंगी। धर्मनगरी में चल रहे विकास कामों को आगे बढ़ाया जाएगा।