चित्रकूट। भाजपा की प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग की तैयारी पूरी हो गई है। यह कार्यक्रम 29 से 31 जुलाई तक शहर के बिंदीराम होटल में चलेगा। प्रशिक्षण वर्ग में दो सौ लोग शामिल होंगे। 15 विषयों पर चर्चा की जाएगी। जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे को व्यवस्था प्रमुख बनाया गया है। कार्यक्रम के लिए लेकर होटल को सजाया गया है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के आने की भी संभावना जताई जा रही है।
धर्मनगरी में भाजपा के होने वाले प्रशिक्षण वर्ग में उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्री 29 जुलाई को आ रहे हैं, जो 31 जुलाई तक रहेंगे। सभी के आने का कार्यक्रम जिला प्रशासन के पास आ गया है। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री जयवीर सिंह, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, आवास एवं शहरी मामले के मंत्री कौशल किशोर, उच्च शिक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, पंचायती राज विभाग के मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन विभाग के मंत्री नरेंद्र कश्यप, सहकारिता विभाग के मंत्री जेपी राठौर, गन्ना विकास एवं चीनी मिल विभाग के मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी का प्रोटोकाल आ गया है। जो तीनों दिन कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके अलावा प्रदेश के कई मंत्री भी आएंगे।
एडीजी, आईजी ने किया निरीक्षण
देर शाम एडीजी प्रेमप्रकाश, आईजी विपिन कुमार मिश्रा, कमिश्नर दिनेश कुमार सिंह ने बिंदीराम होटल पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ जिले के अफसर भी शामिल रहे।