चित्रकूट। जिले भर में योग दिवस का जोश दिखा। लेकिन यह घर के ड्रांइग रूम व छतों तक ही सीमित रहा। युवा वर्ग मोबाइल से सेल्फी लेकर अपने योग क्रियाओं का फोन पर ही आदान-प्रदान करते रहे। कोरोना संक्र्रमण के चलते सार्वजनिक स्थलों पर योग शिविर के आयोजन पर रोक लगी होने से अधिकारियों ने भी अपने आवास पर योग कर सबको निरोग रहने का संदेश दिया। कोरोना वायरस से बचने के लिए योगा को हर दिन अपनाने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय, एसपी अंकित मित्तल, सीडीओ डा. महेंद्र कुमार, सीएमओ डा. विनोद कुमार, सीएमएस डा. आरके गुप्ता आदि ने अपने आवास पर योग कर कार्यक्रम की शुरुआत की। योग गुरु बाबा रामदेव की पतंजलि योग समिति की जिला महिला प्रभारी मंजू केशरवानी व अन्य कार्यकर्ताओं ने अपने घरों में योग आसन की जानकारी दी। योग शिक्षक नरेंद्र चंद्रवंशी ने भी योग क्रियाओं की जानकारी बच्चों को दी।
दीनदयाल शोध संस्थान के स्वावलंबन केन्द्रों के अलावा सियाराम कुटीर एवं जन शिक्षण संस्थान में योग का आयोजन हुआ। डीआरआई के संगठन सचिव अभय महाजन आदि मौजूद रहे। जन शिक्षण संस्थान ने ग्राम बछरन से योग का संदेश दिया। महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्व विद्यालय में आयोजित ऑनलाइन योगासन कार्यक्रम के दौरान शारीरिक शिक्षा, खेल और योग शिक्षक डॉ. तुषार कांत शास्त्री ने योगासन, प्राणायाम, ध्यान, सूर्य नमस्कार आदि का प्रदर्शन किया। कुलपति प्रो. नरेश चंद्र गौतम ने भी भागीदारी की। जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्व विद्यालय के योग विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में ऑनलाइन योगाभ्यास योग प्रशिक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने कराया। संचालन योग विभाग के प्रभारी अंबरीष राय ने किया। विवि के आजीवन कुलाधिपति जगदगुरु रामभद्राचार्य के सचिव आचार्य रामचंद्र दास ने कहा कि वैश्विक महामारी में योग से ही उपचार संभव है। संक्रमण काल में कोरोना योद्धा योग करते हुए इस बीमारी से बाहर निकल गए हैं। कुलपति प्रो योगेश चंद्र दुबे ने भी भागीदारी की।
धर्मनगरी स्थित रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट प्रमोदवन चित्रकूट परिसर में विश्व योग दिवस पर योग शिक्षक राहुल द्विवेदी ने ऑनलाइन के मध्यम से जानकारी दी। कार्यक्रम में संस्थान की निदेशक डा. अमिता सक्सेना आदि शामिल रहीं। भागवत पीठ परिक्त्रस्मा मार्ग में उचित दूरी बनाते हुए आचार्य नवलेश दीक्षित महाराज की उपस्थिति में छोटे-छोटे ग्रामीण बच्चों के साथ सामूहिक रूप से इस महामारी से निजात पाने के लिए श्री हनुमान चालीसा का पूरे ग्रहण काल में पाठ हुआ। पुलिस लाइन में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए पतंजलि योग पीठ के योग शिक्षक नरेंद्र कुमार एवं सहयोगियों के पर्यवेक्षण में अधिकारी, कर्मचारीगणों व आरक्षियों ने योग किया। योग शिक्षक ने कोरोना महामारी के दृष्टिगत शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले योगासन सिखाये। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक सुमेर सिंह, प्रभारी आरटीसी आदि मौजूद रहे।
ग्राणीण क्षेत्रों में दी योग की जानकारी
बरगढ़/मानिकपुर। योग दिवस पर ग्रामीण क्षेत्रों में कई संस्थाओं ने सामाजिक दूरी के साथ योग कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें योग सिखाने के साथ होने वाले फायदे की जानकारी दी।
अखिल भारतीय समाज सेवा संस्थान ने बरगढ़ क्षेत्र के 11 गांवों मेें योग दिवस पर ग्रामीणों को योग की जानकारी दी। इस मौके पर संस्था के कार्यकर्ता राजा बुआ देशराज, रीना सिंह, रोहिनी मोहित सिंह, अखिलेश, गौरी शंकर, शिव वरदानी, गजेंद्र पाल व अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। इसी तरह से मानिकपुर, राजापुर, पहाड़ी, मऊ, क्षेत्र में कुछ सामाजिक संस्थाओं ने कार्यालय व घरों में किया।