चित्रकूट। 21 जून की अमावस्या व सूर्यग्रहण को देखते हुए अनलॉक के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ पर नियंत्रण रखने के लिए अफसरों ने रणनीति बनाना शुरू कर दिया है।
अषाढ़ मास की अमावस्या को लेकर डीएम शेषमणि पांडेय ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक करते हुए अफसरों से कहा कि कोरोना महामारी के मद्देनजर सामाजिक दूरी नियम का अनुपालन कराएं। भीड़ एकत्र न होने पाए। कोई भी तीर्थयात्री बिना मॉस्क व गमछा के न चले। मंदिरों में पांच लोगों से अधिक का प्रवेश न कराया जाए।
डीएम ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि घरों में रहकर ही भगवान श्री कामदनाथ जी का पूजन अर्चन करें। अमावस्या मेला में न आए। स्वयं बचे व औरों को बचाएं। इस बीमारी का इलाज मात्र सावधानी ही है। बैठक में डीएम ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को मेला क्षेत्र में बिजली, पुलिस को सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों व पार्किंग आदि व्यवस्था कराए जाने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को रामघाट पर मां मंदाकिनी नदी की सफाई, गोताखोरों आदि की व्यवस्था करने को कहा है। सीएमओ डॉ. विनोद कुमार से कहा कि एंबुलेंस व आपातकालीन सेवाएं पूर्व की भांति करें। पेयजल टंकी आदि सुविधाएं रहे। मेला के दौरान श्रद्धालुओं को असुविधा नहीं होगी। बैठक में सीडीओ डॉ महेंद्र कुमार, एडीएम जीपी सिंह, एएसपी प्रकाश स्वरूप पांडेय व सभी एसडीएम मौजूद रहे।