चित्रकूट। मारकुंडी थानाक्षेत्र के टिकरिया गांव के एक मंदिर परिसर मेें आए दिन अराजकतत्वों के एकत्र होने से परेशान पुजारी ने मंदिर में तालाबंदी कर चाभी पुलिस को सौंप दी है। आरोप है कि नशेबाज युवक लॉकडाउन के दौरान मंदिर में ताला बंद होने पर उसे खोलने का दबाव बनाते हैं। साथ ही अपशब्दों का प्रयोग करते हैं।
मारकुंडी थानाक्षेत्र स्थित पुष्करिणी सरोवर आश्रम के पुजारी विनोद पुरी ने सोमवार की सुबह मंदिर परिसर में तालाबंदी कर दी। इसके बाद चाभी लेकर थाने पहुंच गए। थाना प्रभारी रविप्रकाश को चाभियां देकर कहा कि अब मंदिर की देखरेख पुलिस करे। यह सुनकर पुलिसकर्मी चौंक पड़े। पुजारी ने बताया कि कुछ लोग आए दिन मंदिर परिसर में आते हैं और नशा करने के बाद अभद्रता करते हैं। ग्रामीणों से अपशब्द कहते हैं।
मंदिर में जबरन घुसने का प्रयास करते हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। मामले की जानकारी होने के बाद पुलिस मंदिर में पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। थाना प्रभारी ने पुजारी को भरोसा दिया कि अराजकतत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के चार घंटे बाद फिर पुजारी ने मंदिर की चाभियां ले ली हैं। इससे पुलिस ने राहत की सांस ली।