फोटो नंबर- 9- मौनी अमावस्या पर बृहस्पतिवार की शाम को ही मंदाकिनी में डुबकी लगाने को जुटने लगे श्रद्
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट/खोही। माघ माह की मौनी अमावस्या मेले के पहले दिन बृहस्पतिवार की देर शाम लाखों श्रद्धालुओं ने धर्मनगरी स्थित मंदाकिनी नदी में स्नान कर कामदगिरि की पंचकोसीय परिक्रमा लगाई। 24 जनवरी को पूर्ण मुहूर्त होने पर पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के स्नान करने की संभावना जताई जा रही हैं।
माघ माह के अमावस्या पर्व की शुरूआत होने पर पहले दिन लाखों श्रद्धालु धर्मनगरी पहुंचे। जिसमें इस बार कई जिलों से श्रद्धालु परिवार सहित गाजेबाजे के साथ पैदल पहुुंचकर मंदाकिनी नदी में स्नान किया। पंडितों को दान कर कामदगिरि की परिक्रमा लगाई। धर्मनगरी के तीर्थ स्थल भरतकूप, जानकीकुंड, सतीअनुसईया आश्रम सहित अन्य तीर्थ स्थलों का दर्शन किया।
अमावस्या मेले के लिए यूपी एमपी के प्रशासनिक अधिकारियों की मेला क्षेत्र में ड्यूटी लगाई गई। जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय व पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने मेला क्षेत्र का भ्रमण कर जानकारी ली। वही एमपी क्षेत्र अधिकारियों ने भी निरीक्षण किया। तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा के लिए कई स्थानों पर पुलिस फोर्स तैनात की गई हैं। 24 जनवरी को पूर्ण मुहूर्त होने पर पांच लाख से अधिक श्रद्धालु मंदाकिनी नदी में स्नान करेंगे। इस बार मौनी अमावस्या को देखते हुए 23 जनवरी से 25 जनवरी तक विशेष बसे चलाई गई हैं। इसके साथ ही मेला एक्सप्रेस ट्रेनें भी चलाई गई हैं।