चित्रकूट/बरगढ़। जिले में ठंड का कहर लगातार जारी है। शुक्रवार को ठंड लगने से मासूम बालक समेत शहर के एक व्यापारी व पूर्व प्रधान की मौत हो गई। इन घटनाओं से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार करा दिया है।
जिला मुख्यालय निवासी रत्नेश के नौ माह के पुत्र अश्विक की गुरुवार को तबियत खराब हो गई। परिजनों के अनुसार उसे ठंड लगी तो देर शाम को जिला अस्पताल इलाज के लिए ले गए। उसके दादा विवेक ने बताया कि इलाज शुरू होने से पहले ही मासूम की मौत हो गई।
इसके अलावा शहर के बस स्टैंड निवासी किराना व्यापारी धनपत केसरवानी (70) के पुत्र विष्णु ने बताया कि गुरुवार शाम को उसके पिता को ठंड लगी और सीने में दर्द हुआ। घर में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल ले गए लेकिन डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों मृतकों के परिजन शव का बिना पोस्टमार्टम कराए घर लाए और शुक्रवार को अंतिम संस्कार करा दिया।
इसीतरह तहसील मऊ क्षेत्र के सेमरा निवासी पूर्व प्रधान 70 वर्षीय अमृतलाल की अचानक तबीयत खराब होने से मौत हो गई। बेटे शिवपाल ने बताया कि पिता प्रतिदिन की तरह सुबह पांच बजे खेत गए थे। जहां पर पेट दर्द होने पर लौट आए। पहले घर में देशी इलाज किया।
इसके बाद बरगढ़ कस्बा स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने ठंड लगने की संभावना जताई है। इसके अलवा जिला अस्पताल में शुक्रवार को ठंड लगने से पीड़ित चार मरीजों सपहा के पंकज कुमार, कसहाई की रामदुलारी, अगरहुंडा के किशोर कुमार व रैपुरा के संजीव को भर्ती किया गया। इनका इलाज जारी है।