चित्रकूट। उत्तर प्रदेश किसान सभा का जिला सम्मेलन रविवार को कचहरी परिसर स्थित सभागार में हुआ। यहां किसानों, मजदूरों की समस्याओं पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सांप्रदायिकता के नाम पर जनता में भ्रम फैलाकर फिर से सत्ता में आना चाहती है, जबकि महंगाई, बेरोजगारी व आए दिन हो रही हत्याओं के मामले पर चुप है।
किसान सभा केे प्रांतीय महामंत्री मुकुट सिंह ने कहा कि संप्रदायिकता के नाम पर जनता को छला जा रहा है। किसानों के साथ किए गए वादे पूरे नहीं किए गए। राज्य कार्यकारिणी के सदस्य रुद्र प्रसाद मिश्र ने कहा सरकार कानून से ऊपर काम कर रही है। बिना कोई कारण के सीबीआई जांच कराई जाती है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। गांवों से पलायन कर रहे हैं।
मंडल अध्यक्ष छब्बू लाल चतुर्वेदी ने कहा कि महिलाओं के नाम योजनाएं तो बहुत शुरू की गईं पर महिलाओं को कोई फायदा नहीं पहुंचा गया। बड़ी संख्या में युवतियां भी बेरोजगार हैं। इस मौके पर सम्मेलन में जिलाध्यक्ष पद पर चुनकू राम पाल को अध्यक्ष व राजाराम को महामंत्री चुना गया। इस मौके पर छब्बू लाल चतुर्वेदी, अनंतराम, चुनकू राम पाल, लक्ष्मी देवी, राजाराम आदि मौजूद रहे।