12 सीकेटीपी-15- परिचय- जीजीआईसी में विजेता टीम का स्वागत करतीं शिक्षिकाएं व छात्राएं। संवाद
चित्रकूट। प्रयागराज में आयोजित राज्य स्तरीय कला उत्सव 2025 में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कर्वी की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। छात्राओं की प्रतिभा ने निर्णायकों को प्रभावित किया। मंगलवार को टीम के कॉलेज लौटने पर शिक्षिकाओं और छात्राओं ने उनका स्वागत किया।
जिला नोडल अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव ने बताया कि 13 अक्तूबर को समग्र शिक्षा (माध्यमिक) उत्तर प्रदेश लखनऊ के तत्वावधान में सेंट एंथोनी गर्ल्स इंटर कॉलेज प्रयागराज में प्रतियोगिता आयोजित हुई थी। इसमें प्रदेश के 18 मंडलों की टीमों ने भाग लिया। चित्रकूट की टीम ने लक्ष्मण-परशुराम संवाद पर आधारित सामूहिक नाटक प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर ने कॉलेज की प्रार्थना सभा में पहुंचकर छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विजेता टीम में अदिती, अर्शी, दीपा पटेल और अपर्णा तिवारी शामिल रहीं, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले का गौरव बढ़ाया।