फोटो नंबर- 5-खाद न मिलने पर खोही समिति के पास निराशखड़े किसान। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट/खोही। खाद लेने को लेकर सहकारी समितियों पर आए दिन बवाल हो रहे हैं। खाद न मिलने पर सदर विकास खंड के खोही सहकारी समिति के सचिव वीरेंद्र यादव को किसानों ने पीट दिया। सचिव की तहरीर पर तीन किसानों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसके अलावा जिले की कई समितियों में पहुंचे किसानों ने आरोप लगाया कि गोदाम में खाद का स्टाक होने के बाद भी खाद नहीं दी जा रही है। खाद मांगने पर बैरंग लौटाया जाता है।
जिले के सहकारी समितियों में यूरिया खाद लेने के लिए सुबह से किसान लाइन लगा रहे हैं। खोही सहकारी समिति में खाद लेने के विवाद में मंगलवार की शाम को विवाद हो गया। इस पर कुछ किसानों ने उसके साथ मारपीट कर घायल कर दिया।
इस मामले में सचिव वीरेंद्र यादव ने सीतापुर चौकी में तहरीर दिया। जिसमेें तीन किसान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना से नाराज सचिव दूसरे दिन खाद बांटने के लिए नहीं पहुंचा। जबकि किसान सुबह से ही लाइन लगाकर खड़े रहे।
किसान राजेश प्रसाद, मोहित द्विवेदी, कमल सिंह आदि ने बताया कि सुबह खाद लेने के लिए लाइन लगाए रहे। इधर, कई सहकारी समिति मे ताला लगा रहा है। किसान खाद लेने के लिए परेशान रहे। यही हाल अन्य सहकारी समितियों देखा गया।
शहर के गल्लामंडी परिसर स्थित इफ्को केंद्र में भी खाद का वितरण नहीं किया जा रहा है। इससे किसानों ने केंद्र के सामने नारेबाजी कर विरोध जताया। कोआपरेटिव सोसाइटी के एआरओ नरेंद्र सिंह ने बताया कि यूरिया खाद की कमी नहीं है। 1500 एमटी खाद का स्टाक अभी बचा है, जिसे केेंद्रों में पहुंचाया जा रहा है।