चित्रकूट। तीन घंटे की बारिश से कर्वी समेत गांव की गलियां पानी से लबालब होे गई। नाले-नालियां उफनाने से घरों में पानी भर गया। स्थानीय लोग प्रशासन की व्यवस्थाओं को कोसते नजर आए। सपा नेता समेत लोगों ने सड़क पर भरे पानी में धान रोपकर विरोध जताया। हर घर तिरंगा लगाने के दौरान कार्यक्रम में मौजूद पूर्व लोनिवि मंत्री को ग्रामीणों ने व्यथा बताने प्रयास किया तो वे अनसुना करते हुए आगे बढ़ गए।
जिला मुख्यालय समेत आसपास के गांव में शुक्रवार की रात तीन घंटे तक तेज बारिश हुई। भारी वर्षा से मुख्यालय के कई मोहल्लो की गलियाें में लगभग चार फीट तक पानी भर गया। नालियां उफनाने से घरों के अंदर गंदा पानी घुसने से लोग परेशान रहे। परिजन गृहस्थी की सामग्री हटाने में जुट गए। छतों पर जाकर रात गुजारी। इसके अलावा मुख्यालय की सड़कें पानी से लबालब हो गई।
यही हालत ग्रामीण इलाकों का रहा। गांव की गलियां वर्षा के पानी से उफना गईं। सांप और बिच्छू भी बाहर निकल आए। तरौंहा के विनय महराज के घर में बारिश के पानी के साथ दो सांप भी घुसे। ऐसे में लोगों को तरह-तरह का भय सताने लगा। मुख्यालय स्थित बस स्टैंड लक्ष्मणपुरी के समीप नाला के ऊपर से गुजरी सड़क के ऊपर लगभग चार फुट पानी बहने से लोगों के घरों में गंदा पानी घुस गया।
इसी तरह पांडेय कालोनी, शंकर बाजार, जगदीशगंज, बल्दाऊगंज, शंकरगंज खटिकाना मोहल्ला, कसहाई रोड, अहिरन पुरवा, माधवगंज, नई दुनिया समेत दर्जनों मोहल्लों की सड़कों पर पानी भरने से लोगों को दिक्कतें हुई। मोहल्लेवासी प्रशासन को कोसते रहे।
लक्ष्मणपुरी मोहल्ले के रामनारायण व रामबाबू गुप्ता आदि ने बताया कि जब सदर बाजार से नाला जोड़ा जा रहा था तो मना किया था, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। जिसका खामियाजा अब लोगों को भुगतना पड़ रहा है। मुख्यालय के शंकर बाजार नई बस्ती की सड़क में पानी भरा होने के चलते सपा जिलाध्यक्ष अनुज यादव ग्रामीणों के साथ सड़क में भरे पानी में धान लगाकर विरोध जताया।
शंकर बाजार निवासी गुलाब चंद्र, रमेश शुक्ला व पवन यादव ने आरोप लगाया कि हर घर तिरंगा अभियान में पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय मोहल्ले में पहुंचे तो लोगों ने व्यथा बताकर सड़क में पानी भरा होने की समस्या से निजात दिलाने का प्रयास किया, लेकिन वह अनसुना कर आगे चले गए, जिससे लोगों में रोष व्याप्त रहा।