चित्रकूट। मानिकपुर क्षेत्र के निही गांव में सोमवार को डायरिया फैल गया। एक बच्चे की मौत हो गई जबकि गांव के तीन लोगों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। इतने ही लोगों का इलाज गांव में ही किया गया। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव जाकर घर-घर दवाएं बांटीं। सफाई कर्मचारी लगाकर डीडीटी का छिड़काव कराने के साफ सफाई कराई गई।
मानिकपुर के चुरेहकेशरुआ फिर डोडामाफी गांव के बाद सोमवार को निही गांव में डायरिया की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के हाथ पांव फूल गए। सोमवार को गांव के अजीत (3) पुत्र सुखेंद्र को परिवार के लोगों ने मानिकपुर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया।
बताया जाता है कि घरवाले रात में बच्चे को घर ले गए जहां मौत हो गई। तीन मरीज सुधा पुत्री रामकलेश, शीतला (24) पत्नी पूरन और उनकी तीन साल की बेटी सोनाली को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मंगलवार को सीएचसी प्रभारी लखन गर्ग ने बताया कि गांव पहुंची टीम ने घर-घर जाकर मरीजों का हाल देखा। गांव के लोगों का कहना है कि हैंडपंपों से गंदा पानी आ रहा है। इसी पानी के सेवन से लोग बीमार हो रहे हैं।