चित्रकूट। जिले में डेंगू मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सरकारी आंकड़ों में अब 44 मरीज दर्ज हो चुके हैं। सीएमओ ने डेंगू से बचाव के लिए सभी को सावधानी बरतने की सलाह दी है। इसके अलावा अस्पताल के सभी डॉक्टरों को सही समय से पूरा इलाज करने के निर्देश जारी किए।
सीएमओ डा. भूपेश द्विवेदी ने बताया कि एंडीज मच्छर के काटने से डेंगू होता है। यह मच्छर दिन में काटता है और बरसात के मौसम के बाद के महीनों में यह रोग फैलता है। जिले में अभी तक डेंगू के 44 मरीज मिल चुके हैं। निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि जब तक एलाइजा टेस्ट पॉजिटिव न आए तब तक रोगी को डेंगू बताकर उसे परेशान न करें।
एलाइजा टेस्ट पॉजिटिव आए बिना यदि कोई पैथोलॉजी या अस्पताल संचालक मरीज को डेंगू की रिपोर्ट दे रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला मलेरिया अधिकारी लाल साहब सिंह ने बताया कि जहां डेंगू के केस मिल रहे हैं वहां पूरे क्षेत्र में फॉगिंग के साथ मच्छर रोधी छिडक़ाव भी कराया जा रहा है।
नोडल अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि ठंड लगने के साथ अचानक तेज बुखार चढ़ना, सिर, मांसपेशियों, जोड़ों में दर्द, आंखों के पिछले भाग में दर्द जो आँखों को दबाने या हिलाने से और भी बढ़ जाता है, अत्यधिक कमजोरी लगना, भूख में बेहद कमी, जी मिचलाना, मुह के स्वाद का खराब होना, गले में हल्का दर्द, शरीर में लाल ददोरे होना लक्षण हैं।