मानिकपुर। रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य सुस्त होने पर व्यापारियों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर निर्माण तेजी से कराने की मांग की।
बुधवार को कस्बे के व्यापारी और समाजसेवी रेलवे ओवरब्रिज के पास से जुलूस निकालते हुए तहसील परिसर पहुंचे। यहां नारेबाजी की और एसडीएम प्रमेश श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया कि मानिकपुर कस्बे के प्रमुख मार्ग पर चार माह से रेलवे विभाग ओवरब्रिज का निर्माण करा रहा है।
रास्ते को बंद कर दिया है, जबकि इसी मार्ग से मानिकपुर कस्बे के निवासियों का आवागमन होता है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जवाहर नवोदय विद्यालय, तहसील, थाना सहित अन्य स्थानों के लिए यह रास्ता जाता है। जिस स्थान पर ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है, उस स्थान पर कस्बे का प्रमुख बाजार है। रास्ता बंद होने से व्यापार चौपट हो रहा।
रेलवे अधिकारियों ने कहा था कि तीन माह में ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा, लेकिन चार माह भी ओवरब्रिज अधूरा है। एसडीएम मानिकपुर ने कहा कि कई बार रेलवे विभाग के इंजीनियरों से बातचीत की है।
आश्वासन दिया है कि जल्द निर्माण पूरा हो जाएगा। ज्ञापन देने वालों में उद्योग व्यापार मंडल मानिकपुर नगर अध्यक्ष पुरुषोत्तम अग्रहरि, दीपक गुप्ता, हरिचंद्र्र, राजन केसरवानी, शिव शंकर दुबे, रज्जन केसरवानी, शैलेंद्र कुमार सोनी, रामू, आशुतोष, अमित कुमार, शंकर, सानू, मोहन लाल, मनीष भी मौजूद रहे।