चित्रकूट/शिवरामपुर। दशहरा मनाने ससुराल आए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की बहन ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। जबकि ससुरालीजनों का कहना है कि तबियत खराब होने से युवक की मौत हुई है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने मामले की जांच व पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही है।
राजापुर कस्बा निवासी मोहम्मद शकील (32) पुत्र अजीज खान की शादी शाहिन पुत्र नसीर खां के साथ हुई थी। शकील की मां नजमा बेगम ने बताया कि उसकी बहू मायकेे में ही रहती थी। जिसके चलते उसका पुत्र शकील अक्सर ससुराल में रुकता था और अपनी सारी कमाई वहीं खर्च करता था। 25 अक्तूबर रविवार को राजापुर से यह कहकर ससुराल शिवरामपुर आया था कि वह वहीं दशहरा मनाएगा। सोमवार की सुबह शकील ने फोन पर मां को बताया कि उसके साथ बड़ा गलत बर्ताव ससुराल में हुआ है। मेरी जान बचा लो नहीं तो यह सब उसे जान से मार देंगे। इसके बाद मंगलवार की सुबह उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में अस्पताल में मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मंगलवार बहन नूरी परिजनों के साथ ससुराल पहुंची। जहां पता चला कि उसके भाई का शव जिला अस्पताल में है। बहन ने कोतवाली में तहरीर देकर ससुरालियों पर आरोप लगाया है कि भाई की हत्या कर दी गई है। भाई ने सोमवार को फोन कर मारपीट करने की बात कही थी। बताया कि मंगलवार की सुबह ससुरालीजनों ने राजापुर फोन कर तबियत खराब होने की बात कह बुलाया था। कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। बताया गया कि मृतक गाड़ी चला कर परिवार का भरण पोषण करता था। मृतक के एक पुत्र, एक पुत्री है। घटना की जानकारी होने पर समाजसेवी मनोज द्विवेदी ने पीड़ित परिजनों को ढंाढस बंधाया और पुलिस से जांच कर उचित कार्रवाई कराने की मांग की है। कोतवाल अरुण पाठक ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।