मानिकपुर। डीएपी के लिए लाइन में खड़ा किसान बेहोश होकर गिर पड़ा। ग्रामीण उसको प्राइवेट अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने प्रयागराज रेफर कर दिया। प्रयागराज में इलाज के दौरान मौत हो गई।
तहसील क्षेत्र के हेला गांव निवासी परिजनों ने बताया कि किसान रामकुशल (45) गुरुवार की सुबह घर से डीएपी लेने मानिकपुर साधन सहकारी समिति गए थे। खाद के लिए काफी देर तक लाइन में खड़े रहे। अचानक उन्हें चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर गए।
गांव के कुछ किसान उन्हें आनन फानन प्राइवेट अस्पताल लाए। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रेफर कर दिया। शुक्रवार की सुबह प्रयागराज में उनकी मौत हो गई। पत्नी ललिता ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। उनके दो बेटी और एक बेटा हैं। खेती से ही परिवार का भरण पोषण होता है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है।