चित्रकूट। दवा बनाने वाली कंपनी के एरिया मैनेजर पर उसी के कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने जानलेवा हमला कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से बचे मैनेजर ने कोतवाली पहुंचकर एक आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को जल्द पकड़ने का दावा किया है।
जालौन जिले के कोंच निवासी अभिषेक अग्रवाल पुत्र केशवदास ने बताया कि वह एक दवा बनाने वाली कंपनी में एरिया मैनेजर है। कंपनी के निर्देश पर मंगलवार को बांदा पहुंचे इसके बाद चित्रकूट के कंपनी के मेडिकल रिप्रेजटेंटिव दीपक कुमार ने फोन कर कहा कि पहले चित्रकूट में डाक्टरों से मिलना है इसलिए यहां आ जाएं। मैनेजर ने बताया कि बुधवार की सुबह वह बेड़ीपुलिया के पास पहुंचा तो दीपक आदि मिले। उसे डाक्टरों के पास ले जाने की बजाए दीपक आदि इधर उधर घुमाते रहे जब इसका विरोध कर कंपनी का काम कराने को कहा तो सभी ने मिलकर उसपर जानलेवा हमला कर दिया। उसके नाखून उखाड़कर प्रताड़ना दी और कहा कि यहां से चुपचाप चले जाओ यहां की मार्केटिंग वह सब स्वयं करेंगे।
मैनेजर के अनुसार मारपीट देख आसपास के लोगों ने आकर उसे बचाया। इसके बाद वह कोतवाली पहुंचा। जहां आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मैनेजर का मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपी को जल्द पकड़ने की बात कही है।