मानिकपुर। क्षेत्र के जंगल से लगे गांव रानीपुर के कुबरीपुरवा में पेयजल का संकट गहरा गया है। गांव के लगे अधिकतर हैंडपंपों से पानी नहीं निकल रहा है। एक-दो हैंडपंप चल रहे हैं। इनमें पानी भरने की सुबह से लाइन लगी रहती है। महिलाएं धूप मेें एक-एक बाल्टी के लिए खड़ी रहती हैं। वहीं पशुओं को पानी पिलाने के लिए सुदूर क्षेत्र के जल स्रोतों तक जाना पड़ता है।
मानिकपुर के पहाड़ों के नीचे कई गांव बसे हुए हैं। यहां हर साल गर्मी में जल संकट गहराने लगता है। इस बार भी रानीपुर के कुबरीपुरवा के निवासी परेशान हैं। कुबरीपुरवा निवासी मैकी, संतोषी, मुनिया, अनिल सिंह, सुरेश लाला आदि ने बताया कि पुरवा में लगे अधिकांश हैंडपंप से पानी नहीं निकल रहा है। मात्र एक हैंडपंप से पानी निकल रहा है। मानिकपुर क्षेत्र के जल निगम के जल निगम अवर अभियंता विनय कुमार यादव ने बताया कि हैंडपंपों को रिबोर कराया जा रहा है। जलस्तर नीचे चले जाने से इलाके में ज्यादा समस्या है।