फोटो- 9- सड़क दुर्घटना में मृत सिपाही अखिलेश कुमार की फाइल फोटो
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। मुख्यालय से पहाड़ी थाने की ओर जा रहे मामा-भांजे की बाइक सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। दुर्घटना में सिपाही भांजे की मौत हो गई, वहीं मामा गंभीर रूप से घायल है। घायल मामा का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी। उधर, पोस्टमार्टम के बाद सिपाही को पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ आनर देकर शव पैतृक गांव राठ हमीरपुर भेजा गया है।
हमीरपुर राठ के स्यावरी लुधियन मोहल्ला निवासी अखिलेश कुमार (26) पुत्र केशव प्रसाद पहाड़ी थाने में यूपी 112 डॉयल पुलिस में सेवारत सिपाही है। शनिवार की शाम कर्वी मुख्यालय स्थित मामा मनोज पुत्र खूबचन्द्र को लेने आया था। रात को पहाड़ी थाना क्षेत्र के अशोह गांव के सुषमा स्वरूप इंटरनेशनल स्कूल के समीप उनकी बाइक सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। भीषण भिड़ंत में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने अखिलेश सिपाही को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मनोज की हालत में सुधार बताया जा रहा है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने बताया कि घायल ने बयान में बताया कि अखिलेश ने हेलमेेट पहना था लेकिन कोहरे के कारण सड़क पर खडे़ ट्रक को नहीं देख पाया।
इकलौत था अखिलेश, परिवार पर टूटा गम का पहाड़
चित्रकूट। सड़क दुर्घटना में सिपाही अखिलेश की मौत से परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। घायल हुए मामा मनोज ने बताया कि वर्ष 2016 में नौकरी के बाद जनपद के पहाड़ी थाने में सिपाही पद पर तैनात थे। दो बहनों में वह अकेला भाई था। उस पर परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी थी। मृतक अखिलेश की नौकरी के बाद से परिवार में खुशियों के दिन आए थे कि शनिवार की देर रात सड़क हादसे में मौत से गमों का पहाड़ टूट पड़ा।
पुलिस लाइन में दिया गार्ड ऑफ आनर
चित्रकूट। मृतक सिपाही अखिलेश का पोस्टमार्टम होने के बाद पुलिस लाइन में अपर एसपी बलवंत चौधरी व नगर क्षेत्राधिकारी रजनीश यादव सहित आरआई व पुलिस बल ने गार्ड ऑफ आनर देकर नम आंखों से श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद शव को राजकीय वाहन से पैतृक गांव स्यावरी लुधियनपुर भेजा है।
अभी चार माह पूर्व की ही बात है जब रास्ते में यूपी 100 की जीप पंचर होने पर सुधार कार्य के दौरान ट्रक की टक्कर से एक सिपाही हिरेश पाल व एक होमगार्ड ज्ञान सिंह की मौत हो गई थी। वह घटना भी रात को राजापुर पहाड़ी मार्ग पर हुई थी और अब इसी पहाड़ी मार्ग पर शनिवार की रात को यूपी 112 के सिपाही अखिलेश कुमार की निजी बाइक ट्रक से टक्कर होने पर मौत हो गई है। पहले की घटना में मृतक सिपाही हिरेश भी हमीरपुर जनपद का निवासी था। इस बार दुर्घटना का शिकार सिपाही अखिलेश बीमार भी था। तो वह मुख्यालय से मामा को लेने के साथ ही दवा लेकर लौट रहा था। संवाद