मानिकपुर (चित्रकूट)। डाकू गौरी के गांव ददरी माफी में प्रधान पद पर अतुल कुमार पटेल ने रोचक मुकाबले में दो मतों से दिवगंत प्रधान मनीष की पत्नी रानी देवी को हरा दिया। शुक्रवार को मतगणना के दौरान कई बार दोनों के बीच रोचक मुकाबला देखने को मिला। जैसे ही किसी के बढ़त लेने की जानकारी होती तो उनके खेमे में जिंदाबाद के नारे गूंजने लगते। आखिर में नजदीकी मुकाबले में अतुल ने बाजी मारी। आरओ ने उन्हें प्रमाण पत्र सौंपा।
मानिकपुर ब्लॉक परिसर में सुबह आठ बजे से ददरी माफी गांव के प्रधान पद के लिए पडे़ मतों की गिनती का काम शुरू हुआ। दो टेबल में आठ कर्मचारियों ने तीन घंटे में गिनती पूरी की। दूसरे नंबर पर रहीं रानी देवी व उनके समर्थकों ने मतगणना में हेराफेरी के आरोप लगाए और फिर से मतगणना कराने की मांग की। परिणाम घोषित होते ही ब्लॉक परिसर के बाहर नारेबाजी होने लगी।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए चुनाव में इस गांव से मनीष कुमार प्रधान बने थे, लेकिन उनके निधन के बाद सीट खाली हो गई थी। इस पर मनीष की पत्नी रानी देवी समेत छह दावेदार थे। कुल छह प्रत्याशियों में तीन के मत अवैध मतों (68) से भी कम रहे।
इनसेट
प्रत्याशियों को मिले मत का विवरण
अतुल कुमार पटेल - 683, अशोक कुमार - 45, काशीप्रसाद- 34, बद्री प्रसाद- 8, रानीदेवी- 681, संतोष कुमार- 279 और अनबैलेट - 68
दोबारा मतगणना के लिए डीएम को सौंपा ज्ञापन
मानिकपुर के ददरी माफी गांव के प्रधान पद के परिणाम घोषित होने के बाद दूसरे नंबर पर रहीं रानी देवी व उनके समर्थक शुक्रवार की दोपहर को जिला मुख्यालय पहुंचे। कलक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी करते हुए फिर से गिनती कराने और मतगणना में गड़बड़ी करने के आरोप लगाए हैं। इसके बाद डीएम को ज्ञापन सौंपा है।
गौरव बने निर्विरोध बीडीसी
मानिकपुर (चित्रकूट)। विकासखंड के ग्राम पंचायत भौंरी वार्ड नंबर 20 की सीट से क्षेत्र पंचायत सदस्य गौरव मिश्रा पुत्र ललित मिश्रा उप चुनाव में निर्विरोध चुने गए। शुक्रवार को मतगणना स्थल पर आरओ समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया ने प्रमाण पत्र दिया है। गौरतलब है कि ब्लाक प्रमुख मानिकपुर अरविन्द मिश्रा वार्ड नंबर 20 व चरदहा सीट से क्षेत्र पंचायत सदस्य चुने गए थे। भौरी सीट रिक्त होने पर गौरव मिश्रा के विरुद्ध किसी ने पर्चा दाखिल नहीं किया। ऐसे में उन्हें निर्विरोध चुना गया है। संवाद