फोटो- 1- अमावस्या मेला की तैयारियों को लेकर मेला क्षेत्र में भ्रमण करतीं एसपी वृंदा शुक्ला। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट/खोही। अमावस्या पर्व का स्नान 23 दिसंबर शुक्रवार को है, लेकिन धर्मनगरी में श्रद्धालुओं का आगमन बुधवार से ही शुरू हो गया है। जिला प्रशासन का मानना है कि इस बार चार लाख तक श्रद्धालु मंदाकिनी में डुबकी लगा सकते हैं। सर्दी का सीजन होने के कारण जगह-जगह अलाव जलवाने और ठहरने के लिए रैनबसेरा को साफ सुथरा कराने के लिए नगर पालिका के कर्मचारियों को सहेजा गया है। जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी मेला क्षेत्र में लगाई गई है।
कोहरा और सर्द हवाओं को देखते हुए डीएम अभिषेक आनंद ने रामघाट से लेकर स्टेशन व बस स्टैंड और कामदगिरी परिक्रमा मार्ग के चिह्नित स्थलों पर अलाव जलवाने के लिए नगर पालिका के ईओ रामअचल कुरील को निर्देश दिए हैं।
एडीएम कुंवर बहादुर सिंह ने मेला क्षेत्र के जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट को गुरुवार की सुबह से ड्यूटी संभालने के लिए कहा है। मेला क्षेत्र में सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं के लिए एडीएम व एसडीएम ने रामघाट का निरीक्षण भी किया।
मेला क्षेत्र में रैन बसेरा के इंतजाम दुरुस्त रखने के लिए कहा गया है। कोहरे के कारण बसों का संचालन रात में नहीं होगा ऐसे में यात्रियों को रात में ठहरने के लिए बस स्टैंड से लेकर अन्य स्थलों पर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
इसी प्रकार एसपी वृंदा शुक्ला ने अमावस्या मेला में कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए परिक्रमा मार्ग का भ्रमण किया है। इस दौरान रामघाट में सुरक्षा व्यवस्था देखी। वाहन पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण कर ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। इस मौके पर एएसपी चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ सिटी हर्ष पांडेय, सीओ एलआईयू अनुज मिश्रा, सीतापुर चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह, पीआरओ प्रदीप कुमार पाल आदि मौजूद रहे।