चित्रकूट। मारकुंडी थाना क्षेत्र के डोडा माफी गांव में दबंगों ने किसानों की जमीन जोत ली और तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। भयभीत किसान गांव छोड़कर रिश्तेदार के घर छेरिहा खुर्द चले गए हैं।
गांव के किसान परमेश्वर और रामचरन सगे भाई हैं। उन्होंने बताया कि आठ बीघा खेती मौजा डोडा माफी में है। गांव के कुछ लोगों ने फर्जी इंद्राज व खतौनी में हेराफेरी कर खेतों को कब्जा कर लिया। रविवार को ट्रैक्टर लेकर खेत जोतने पहुंचे तो भगा दिया। दूसरे दिन आठ-दस लोगों को लेकर घर आए और परिवार के लोगों को पीटा। गांव न छोड़ने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इससे किसान परिवार के साथ रिश्तेदारी में चले गए।
आरोप है कि शिकायत करने पर थाना पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। मंगलवार को डीएम व एसपी को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है।
मारकुंडी थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि उनके पास शिकायत लेकर ग्रामीण नहीं आए हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।