चित्रकूट। मऊ थाना क्षेत्र के खंडेहा गांव में बच्ची आरती मौर्य के शव का पोस्मार्टम होने के बाद यह सामने आया कि उसकी मौत गले में धारदार हथियार से वार के कारण ही हुई है। इसमें पहला वार कुछ कमजोर था लेकिन दूसरा वार अधिक गहरा था और मौत की यही वजह बनी। इसके अलावा मृतका के शरीर पर कुल 9 वार किए गए हैं। यह भी स्पष्ट हो गया है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म नहीं हुआ है। संभावना जताई जा रही है कि खेत के पास ही गांव के युवक युवती को आपत्तिजनक स्थिति पर देख कर शिकायत करने की धमकी देना बच्ची को महंगा पड़ गया है।
बृहस्पतिवार को मऊ पुलिस इस मामले में आधा दर्जन संदिग्धों को पकड़ कर पूछताछ कर रही है। इसमें पुलिस अनुमान लगा रही है कि खेत में जाते समय बच्ची ने किसी प्रेमी जोड़ा को देख लिया। उन्होंने बदमनामी के डर से बच्ची की हत्या कर दी। इसी आधार पर पुलिस मामले का खुलासा करने में लगी है। थाना प्रभारी सुभाष चौरसिया ने बताया कि अभी स्पष्ट तौर पर कुछ कहा नहीं जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कुछ संदिग्ध युवकाें को पकड़ा गया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है लेकिन जांच हर दिशा में चल रही है। जल्द ही आरोपी को दबोचा जाएगा।