चित्रकूट। धर्मनगरी में प्रदेश के मुख्यमंत्री का पहला दौरा 20 से लेेकर 22 सितम्बर के बीच होने की संभावना बन गई है। जिसे लेकर पूरा महकमा सतर्क हो गया है। सब कुछ सही रहा तो मुख्यमंत्री के हाथों ही ऋण माफी योजना की शुरुआत जिले में होगी। प्रशासनिक अधिकारी इसकी पुष्टि तो नहीं कर रहे लेकिन इस संभावना पर जोर दिया है कि जिले के प्रभारी मंत्री डॉ.महेंद्र सिंह व कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही लगातार मुख्यमंत्री को यहां लाने के प्रयास में जुटे हैं।
यूपी के कई जिले में फसली कर्ज माफी के प्रथम चरण में किसानों को प्रमाण पत्र बांटे जा चुके हैं जबकि धर्मनगरी में अभी यह नहीं हुआ है। चित्रकूटधाम मंडल समेत पड़ोसी इलाहाबाद व झांसी मंडल के भी ज्यादातर जिले में यूपी सरकार के मंत्रियों की मौजूदगी में कर्ज माफी के प्रमाण पत्र वितरित हो चुके हैं। धर्मनगरी के पंाच हजार किसानों का कर्ज माफी का प्रथम चरण का कार्यक्रम भी सितंबर के प्रथम पखवारे में अन्य जिलों की तरह होना था लेकिन अभी तक नहीं हुआ है। कुछ अधिकारियों ने बताया कि जिले के प्रभारी मंत्री डॉ.महेंद्र सिंह की सितम्बर माह के प्रथम सप्ताह में जिला योजना की समीक्षा बैठक होनी थी। जिसे प्रभारी मंत्री ने ही टाल दिया है और आश्वासन दिया है कि कर्जा माफी के प्रमाण पत्र वितरण के लिए मुख्यमंत्री को लाने का प्रयास किया जा रहा है। उसी समय यह बैठक भी होगी।
मुख्यमंत्री के आने की संभावना इसलिए भी बढ़ गई है कि छह माह के कार्यकाल मेें वह चित्रकूट जिले में अभी तक एक भी बार वह नहीं आए हैं। उप कृषि निदेशक टीपी शाही ने तो साफ बताया कि मुख्यमंत्री के हाथों की किसानों को कर्ज माफी का प्रमाण पत्र वितरित होना है लेकिन इसकी तारीख तय नहीं है। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर गुप्तचर एजेंसी भी सतर्क हो चुकी हैं। सदर एसडीएम नरेंद्र बहादुर ने बताया कि संभावना तो जताई जा रही है लेकिन जबतक अधिकृत जानकारी लखनऊ से नहीं मिलेगी तबतक कुछ नहीं कहा जा सकता है। भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक जाटव ने बताया कि फिलहाल हाईकमान से अभी कुछ संकेत नहीं मिले हैं।