चित्रकूट। वैसे तो मुख्यमंत्री को चित्रकूटधाम मंडल के काम की समीक्षा करने बांदा आना है लेकिन धर्मनगरी के सभी सरकारी कार्यालयों में दिन रात हो रहे कागज का कोरम पूरा करते देख अधिकारी संभावित तैयारी में जुटे हैं ताकि यदि अचानक सीएम यहां आए तो सबकुछ सही मिले।
सीडीओ के अनुसार गड्ढामुक्त सड़कों का काम हर हाल में 15 जून तक पूरा होगा। प्रधानमंत्री आवास के लिए चयनित तीन हजार पात्रों को जल्द ही प्रथम किश्त जारी होगी। आपातकाल के लिए हर तहसील मुख्यालय में दो पानी भरे टैंकर रखाए गए हैं जिससे पेयजल समस्या अथवा आग लगने पर इसका प्रयोग किया जाएगा। जिला अस्पताल में दीवारें और कुर्सियों को साफ कर बेड में नए चद्दर बिछाए गए। नगर पालिका क्षेत्र में सफाई अभियान जोरों पर है।
शुक्रवार को सीडीओ ए दिनेश कुमार ने बताया कि गड्ढामुक्त सड़कों के लिए लोक निर्मा
ण विभाग के प्रांतीय व निर्माण खंड के दोनों विभागों से ऑनलाइन टेंडर हो चुका है। जिला पंचायत का टेंडर हो गया है लेकिन नगर पालिका व नगर पंचायत में डिजीटल हस्ताक्षर के कारण कुछ समस्या है। फिलहाल सभी को निर्देश हैं कि 15 जून तक सभी टेंडर आवंटन कर सड़क निर्माण काम पूरा कराएं।
उन्होंने दावा किया कि यह काम पूरा भी कर लिया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में जोर है। कुल 5085 आवास के लिए 4300 ऑनलाइन आवेदन जमा हुए हैं। जिसमें 3500 की जांच हो गई है। जल्द ही 3000 पात्रों को प्रथम किश्त जारी हो जाएगी।
सीडीओ ने बताया कि जिले में 1390 तालाब हैं जिसमें 500 में पानी भरा है। इसके अलावा कुल 370 टैंकरों से जरूरतमंद स्थानों पर जलापूर्ति सप्लाई की जा रही है। खाली तालाबों में प्रधान व संबधित विभाग के अधिकारियोें से भराने को कहा गया है। आपातकालीन सेवा के लिए हर तहसील परिसर में दो पानी भरे टैंकर रखे गए हैं। सीडीओ ने बताया कि इन सभी की जानकारी 20 मई को बांदा आने पर मुख्यमंत्री को बताई जाएगी।
चित्रकूट। जिला अस्पताल से लेकर कई विभागों में सुबह से लेकर देर शाम तक सफाई अभियान चल रहा है। हलांकि जिले में सीएम के आने का कोई प्रोटोकाल नहीं है फिर भी अग्रिम तैयारी संभावना पर की जा रही है।