चित्रकूट। मुख्यालय के गल्ला मंडी परिसर में आयोजित किसान पंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलराम लंबरदार ने कहा कि केंद्र सरकार नए कृषि कानूनों को जबरन किसानों पर थोपना चाहती है। सरकार किसानों को गणतंत्र दिवस पर परेड नहीं करने दे रही है, लेकिन हम अपनी तैयारी पूरी कर चुके हैं। किसान परेड अवश्य करेगा, उनको कोई नहीं रोक सकता है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य है कि जिसे हमने पूरा देश सौंप दिया वही हमें बेचने का काम कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार को गल्ला मंडी परिसर में जिलाध्यक्ष राम सिंह पटेल की अध्यक्षता में किसान पंचायत हुई। इसमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि सरकार किसानों को डराने का काम कर रही है, जो कभी बर्दाश्त नहीं होगा। प्रदेश उपाध्यक्ष हरदत्त पांडेय ने कहा कि किसान सरकार से डरने वाला नहीं है। कृषि कानूनों के विरोध में देश के हर जिले से किसान शामिल हो रहे हैं। 150 किसानों की आंदोलन में अब तक जान जा चुकी है उनकी कुर्बानी बेकार नहीं होने दी जाएगी, सरकार को कानून वापस लेना होगा।
मंडल अध्यक्ष बैजनाथ अवस्थी ने कहा कि दिल्ली आंदोलन के क्रम में 23 जनवरी को प्रदेश का किसान लखनऊ पहुंच कर राजभवन के लिए रोड मार्च करेगा। अगर प्रशासन रोकने का काम करेगा तो किसान आंदोलन को धरने के रूप में परिवर्तित कर देगा। पंचायत में भाकियू उरई के महेंद्र सिंह पटेल, रामकरण सिंह, जिला महामंत्री अरुण पांडेय, उदयनारायण सिंह, ओम नारायण गर्ग, शिवदयाल सिंह, शैलेंद्र सिंह, तीरथ प्रसाद सिंह, नीलकंठ द्विवेदी, अवध नारायण मिश्रा, नरेश तिवारी, विजय सिंह, नरेश सिंह, विजय बहादुर, राजकिशोर सिंह, विनय तिवारी, अखिलेश मिश्रा, रामेश्वर सिंह, शिव सिंह, साधो प्रसाद व जिला मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिंह सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।