चित्रकूट। धर्मनगरी आए दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार की जमकर तारीफ की वहीं केंद्र व यूपी सरकार के कामों की कड़ी अलोचना की। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार शिक्षा व स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देकर आम जनमानस की नजर में सफल है। इस फार्मूले को पूरे देश में अपनाने की जरूरत है। धर्म क्षेत्र में काम करने वालों का राजनीति में दखलंदाजी को गलत बताया है। इसके लिए कुछ राजनैतिज्ञों को भी दोषी ठहराया।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने मुख्यालय के रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आज राजनीति में कई धार्मिक क्षेत्र में काम करने वालों का हस्तक्षेप हो रहा है। कुछ राजनेता वोटों की खातिर इनका प्रयोग भी करते हैं। बाद में ऐसे लोगों के दबाव में सरकार भी मजबूर हो जाती है। इसलिए राजनीति को स्वच्छ रखने के लिए ऐसे दबाव से बचने की जरूरत है। बनारस में छात्राओं के साथ हुए दुर्व्यवहार की निंदा कर कहा कि यूपी सरकार शिक्षा व स्वास्थ्य पर ध्यान कम दे रही है। केंद्र व यूपी सरकारें नारे व भाषण पर ज्यादा भरोसा करतीं हैं। इसी का नतीजा गोरखपुर में बच्चों की मौत के बाद यूपी के सीएम व स्वास्थ्य मंत्री के संवेदनहीनता वाले बयान आए थे।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार लाख विरोध के बावजूद हर वर्ग के लिए बेहतर काम कर रही है। शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में आज दिल्ली सरकार के फार्मूले को देश भर में लागू करने की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि आज पूरे देश में वह सब पं.दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर कार्यक्रम कर रहे हैं लेकिन उनके मूल वाक्य पंक्ति में अंतिम स्थान पर खड़े व्यक्ति को लाभ दिलाने के सिद्धांत से भटक गई है।
हकीकत में तो आप सरकार दिल्ली में इस सिद्धांत पर काम कर रही है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में दिल्ली में दो दर्जन से अधिक अस्पतालों में फ्री आपरेशन कराने और आपरेशन के लिए एक माह से अधिक की वेटिंग डेट नहीं देने के निर्देश दिए हैं।