चित्रकूट। भीम आर्मी भारत एकता मिशन का 11वां स्थापना दिवस मंगलवार को मानिकपुर में मनाया गया। जिलाध्यक्ष संजय कुमार गौतम ने कहा कि 21 जुलाई 2015 को सहारनपुर से शुरू हुआ यह आंदोलन आज देशभर में बहुजन समाज की आवाज बन चुका है। हम शिक्षा, स्वाभिमान और संघर्ष के रास्ते पर चलते हुए संविधान की रक्षा करेंगे। श्रीपाल प्रजापति ने कहा कि भीम आर्मी ने पिछले 11 वर्षों में समाज में फैली कुरीतियों, छुआछूत और अन्याय के खिलाफ सड़क से लेकर न्यायालय तक लड़ाई लड़ी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया। इस मौके पर हिमांशु जाटव, भोला आदिवासी, सुरेंद्र आदिवासी, अर्जुन आदिवासी, रमेश, मनीष वर्मा मौजूद रहे। (संवाद)