चित्रकूट। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट फेडरेशन उत्तर प्रदेश (सीडीएफयूपी) का त्रिवार्षिक चुनाव एवं आम सभा की बैठक का आयोजन बुधवार को एक होटल में संपन्न हुआ। इस दौरान वाराणसी के संदीप चतुर्वेदी प्रदेश अध्यक्ष और गाजियाबाद के सुरेश गुप्ता प्रदेश महासचिव निर्विरोध निर्वाचित हुए। संगठन के 12 ज़ोन और 4 रीजन के अध्यक्ष और मंत्री का भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
कर्वी एसोसिएशन के राजेश कुमार गुप्ता, दीपिका गुप्ता, बसंत पहाड़िया, कमलेश कुमार द्विवेदी आदि ने बताया कि बैठक में दवाओं की अवैध ऑनलाइन ट्रेडिंग से आ रही दिक्कतों पर भी गंभीर विचार व मंथन किया गया। कहा कि अवैध ऑनलाइन दवा कारोबार को अगर सरकार बंद नहीं करेगी तो सीडीएफयूपी सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा। बताया कि दवा व्यवसाय में आ रही समस्याओं और विभाग के पोर्टल की विसंगतियों के संबंध में बहुत जल्द ही संगठन का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी मिलने जाएगा।