चित्रकूट/खोही। सदर ब्लाक के बरमपुर व रानीपुर खाकी गांव के ग्रामीण इन दिनों अन्ना मवेशी से बेहद परेशान हैं। किसानों का आरोप है कि गांव में अस्थाई गोशाला बनी है लेकिन उसमेें मवेशियों को नहीं रखा जा रहा है। जिसके चलते गांव के आसपास अन्ना मवेशी घूमते रहते हैं और फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
बरमपुर गांव के राजेश पटेल, श्रीकेशन यादव व बाबूलाल ने बताया कि अन्ना मवेशियों से फसल को बचाना मुश्किल हो रहा है। थोड़ा सा मौका मिलते ही यह मवेशी फसल चट कर जाते हैं। इन्हें पकड़कर गोशाला में नहीं रखा जा रहा है। कई बार अधिकारियों से लेकर प्रधान व सचिव से कहा गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उधर बिहारा निवासी गिरजाशंकर करवरिया व होरीलाल कुशवाह ने बताया कि उनकी खेती रानीपुर खाकी गांव में है। अन्ना मवेशियों से फसल को बचाने के लिए दिन रात मेहनत करनी पड़ रही है। दो दिन पहले ही उनकी फसल का एक हिस्सा अन्ना मवेशी चट कर चुके हैं। इसकी शिकायत अधिकारियों से की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि अन्ना मवेशी को पकड़कर गोशाला में रखने के आदेश हैं लेकिन इन गांव की गोशालाएं सूनी पड़ी हैं। एक माह पूर्व इन गांव की गोशाला में सैकड़ों मवेशी थे लेकिन अब इनमे दो दर्जन भी ही दिखते हैं। आरोप है कि बाकी मवेशियों को छोड़ दिया गया है। यहीं मवेशी फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इन मवेशियों को पकड़कर गोशाला पहुंचाने की मांग की है।