चित्रकूट। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) ने शुक्रवार को जिले के सभी ब्लाक परिसर में किसान पंचायत का आयोजन किया। इसमें किसान नेताओं ने अन्ना मवेशियों की समस्या का समाधान कराने पर जोर दिया। साथ ही नहरों की सिल्ट न साफ होने पर चिंता जताई।
पहाड़ी ब्लाक परिसर में अध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने डीएम को संबोधित ज्ञापन बीडीओ को सौंपा। इसमें बताया कि ग्राम बछरन, गनीवा, अर्जुनपुर, रमपुरिया, तौरा, चनहट, गोसाईंपुर व गोठाऊपुर गांवो में पिछले कई वर्षों से जंगली गायों का आतंक जारी है।
इस बारे में प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक समस्या का निदान नही हुआ। सदर तहसील परिसर में अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने उप जिलाधिकारी कर्वी को सौंपे ज्ञापन में रबी की बुआई को देखते हुए समय से पयस्वनी डायवर्जन नहर व बरुआ नहर की सिल्ट साफ कराने की मांग की है।
मानिकपुर ब्लाक परिसर में अध्यक्ष बिनोद सिंह ने एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा कि समितियों में समय से ड़ीएपी व यूरिया की आपूर्ति शीघ्र कराई जाए। रामनगर ब्लाक परिसर में अध्यक्ष विनय त्रिपाठी ने खंड विकास अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा कि क्षेत्र में अन्ना मवेशियों से फसलों के बचाएं जाने के प्रयास में गोशालाओं का निर्माण किया गया हैं, लेकिन अन्ना मवेशी अभी भी बाहर घूम रहे हैं।
मऊ ब्लाक परिसर में अध्यक्ष नरेश तिवारी ने एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में ग्रामसभा इटहा देवीपुर मजरा भैरमपुर के किसान बब्बुराम, सुनीता देवी, बेला देवी ने बताया कि स्वस्छ भारत मिशन के तहत पात्र व्यक्ति को एक किस्त दी गई है। निर्माण होने के बाद भी दूसरी किस्त नही दी जा रही है।
किसान पंचायत में अरुण कुमार पांडेय, शिवदयाल सिंह बघेल, जसवंत सिंह, कमलेश सिंह, रामेश्वर सिंह, शिव सिंह, पंकज पांडेय, नीलकंठ द्विवेदी, अजीत सिंह व जिला मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिंह मौजूद रहे।