भौंरी (चित्रकूट)। रैपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बगरेही गांव के पास स्कॉर्पियों ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें बाइक चालक की मौत हो गई। उसकी दोनों बेटियां गंभीर घायल हैं। बाइक चालक कानपुर नगर में इनकम टैक्स कार्यालय में चतुर्थश्रेणी कर्मचारी था। इधर दुर्घटना के बाद भाजपा का झंडा लगी कार पलटने के बाद सड़क किनारे गड्ढे में फंस गई। कार में सवार लोग मौके से भाग निकले। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लिया है।
रैपुरा थाना क्षेत्र के बगरेही मोड़ पर मंगलवार की शाम को राजापुर थाना क्षेत्र के रगौली गांव निवासी कुलदीप श्रीवास्तव (40) पुत्र शिवभवन बाइक से अपनी बेटी मोना (18) व कशिश (15) के साथ जिला मुख्यालय आ रहा था। जैसे ही वह हाईवे के बगरेही मोड़ के पास पहुंचा तो कर्वी मुख्यालय से मऊ की ओर तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो ने बाइक पर टक्कर मारने के बाद स्कार्पियो पलट गई और बाइक सवार पिता पुत्रियां छिटककर सड़क पर जा गिरीं।
रैपुरा थाना प्रभारी सुशील चंद्र शर्मा मय फोर्स पहुंचे और तीनों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां डाक्टरों ने कुलदीप को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना परिजनों को मिलते ही परिवार में कोहराम मचा है । पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा है। स्कार्पियो के शीशे में ब्लैक फिल्म व भाजपा का झंडा और नंबर प्लेट भी भाजपा के ध्वज रंग की होने की चर्चा है।