प्रधानी का चुनाव जीतने के लिए एक ग्रामीण ने प्रत्याशी के पति पर रुपये देने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि रुपये देकर उससे अपने पक्ष में वोट डालने की कसम खिलाने की कोशिश की गई। बाद में प्रत्याशी और उसके पति-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
पंचायत चुनाव का चौथा और अंतिम चरण मानिकपुर ब्लाक क्षेत्र में है। बताया गया है कि बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के सेमरदहा गांव में प्रधान पद के लिए प्रचार के दौरान शनिवार रात एक महिला प्रत्याशी के समर्थन में उसका पति नरेंद्र मिश्रा कुछ समर्थकों के साथ दलित बस्ती गया था।
यहां के निवासी अनंतराम ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मिश्रा व उसके समर्थकों ने छह हजार से अधिक नगद रुपये दिए और साथ ही कसम खाने को कहा कि वह उसके पक्ष में ही वोट डालेगा। अनंत राम का कहना है कि बार-बार मना करने के बावजूद ये लोग नगदी रखकर चले गए।
उसने बताया कि वह रविवार सुबह पैसा लेकर प्रत्याशी के घर पहुंचा और नगदी लौटाने लगा। इस पर वहां काफी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर बहिलपुरवा थानाध्यक्ष केपी दुबे हमराहियों के साथ पहुंच गए। लगभग दो घंटे तक दोनों पक्ष अपनी बात कहते रहे।
बाद में अनंतराम पुत्र बंशीराम की तहरीर पर प्रधान पद की महिला प्रत्याशी समेत उसके पति नरेंद्र मिश्रा व उसके पुत्र के खिलाफ प्रलोभन देना व धमकाने का मामला दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।