संवाद न्यूज एजेंसी
सरैंया/रामनगर (चित्रकूट)। रैपुरा थाना के क्षेत्र के चितहरी पुरवा के तालाब में शुक्रवार की शाम को खेलते समय फिसलकर मासूम भाई-बहन तालाब में डूब गए। कुछ देर बाद मां व अन्य को पता चला तो आनन फानन दोनों को तालाब से निकालकर सीएचसी पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
अगरहुड़ा के चितहरी का पुरवा निवासी छोटेलाल रैदास ने बताया कि पत्नी पुरवा के एक खेत में धान रोप रही थी। उसके साथ बेटी चाहत (6) व बेटा शिवांशु (5) भी गए थे। देर शाम को जब वह खेत में धान रोप रही थी तभी भाई-बहन खेलते खेलते सुजौआ तालाब किनारे पहुंच गए। किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। बारिश के कारण फिसलन होने से शिवांशु का पैर फिसला तो उसका हाथ पकड़े चाहत भी खुद को संभाल नहीं सकी और दोनों तालाब के पानी में डूब गए।
बताया कि लगभग 20 मिनट बाद उसकी पत्नी ने दोनों को देखा तो वह दिखाई नहीं पड़े। इस पर वह साथ में अन्य लोगों के साथ खोजबीन करने लगी। तालाब मेें ही दोनों बच्चे दिखाई दिए तो आनन फानन उन्हें निकालकर सीएचसी रैपुरा लाया गया। डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव का पंचनामा कराया।