हाईवे पर बोलेरो ने बाइक पर टक्कर मार दी। जिसमें दोनों बाइक सवार (शिक्षक-छात्र)घायल हो गए। एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिक्षक की हालत गंभीर होने पर इलाहाबाद रेफर किया गया है। वहीं आमने-सामने बाइक की भिड़ंत में दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए।।
बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के शीतलपुर निवासी शिक्षक अशोक पटेल (32) पुत्र रामभवन बाइक से इंटरमीडिएट के छात्र हनुआ निवासी अखिलेश कुमार यादव (18) पुत्र विश्वनाथ के साथ मुख्यालय की ओर पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद के आवास आ रहे थे।
जानकारी के अनुसार जैसे ही बाइक झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग 76 के कालूपुर के पास पहुंची तो मुख्यालय की ओर से आई अनियंत्रित बोलेरो से बाइक की टक्कर हो गई। इसके बाद बोलेरो समेत चालक भाग निकला। सूचना पर पुलिस ने उसे पुलिस लाइन के पास पकड़ लिया है। उधर, घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में शिक्षक अशोक की हालत गंभीर होने पर इलाहाबाद रेफर किया गया।
बताया गया है कि चालक ने हेलमेट भी पहना था। इसके बावजूद टक्कर में वह इतनी दूर जाकर गिरा कि हेलमेट भी टूट गया है। वहीं भरतकूप चौकी क्षेत्र के चितराहाइन पुरवा के पास सोमवार की शाम को आमने सामने से बाइक की टक्कर में भवानीपुर कर्वी निवासी प्रेमनारायण पुत्र भवानीदीन, उसकी पत्नी निराशा, पुत्र शरद व शानू को चोंट आई।
दूसरा बाइक चालक भरतकूप निवासी साहिल पुत्र संजय भी घायल हुआ। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों चालकों ने हेलमेट नहीं पहना था।