मानिकपुर (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के पनहाई रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक किनारे नाले में एक वृद्ध का बृहस्पतिवार दोपहर को शव मिला। हालांकि अभी तक शव की पहचान नहीं हो सकी है।
थाना प्रभारी अजीत कुमार पांडेय ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे रेलवे कर्मचारियों से सूचना मिली कि चुरेह कशेरुवा के सुखरामपुर गांव के पास डाउन रेलवे ट्रैक के उत्तर में पोल नंबर 1267/4 और 1267/6 के बीच करीब 10 मीटर दूर नाले में एक वृद्ध का शव पड़ा है।
पुलिस मौके पर पहुंसी और देखा कि सिर, हाथ और पैर में चोटों के निशान थे। दाहिना हाथ शरीर से अलग था। बताया कि आसपास के ग्रामीणों को बुलाकर पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। आशंका है कि चलती ट्रेन से वृद्ध की गिर कर मौत हुई है। पहचान के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया गया है। संवाद