चित्रकूट। अपर निदेशक (एडी) स्वास्थ्य ने मंगलवार को जिला अस्पताल व खोह के कोविड अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान दवाओं की उपलब्धता की जांच कर पर्याप्त स्टॉक पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही निर्देश दिए कि जिले में ब्लैक फंगस के इलाज में लापरवाही न बरती जाए। इससे संबधित आवश्यक दवाओं का स्टॉक दोनों अस्पतालों में रखा जाए।
एडी स्वास्थ्य डॉ. आरबी गौतम ने जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान कहा कि कोविड पूरी तरह नियंत्रण पर जरूर है, लेकिन जांच व बचाव के उपायों को अपनाने में कोई लापरवाही न करें। राजापुर व पहाड़ी समेत कई स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर समेत स्टाफ की समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। कुछ मरीजों व स्टाफ से बातचीत कर इलाज व दवाओं के बारे में जानकारी ली। सीएमएस डॉ. आरके गुप्ता को निर्देश दिए कि ब्लैक फंगस को लेकर अलर्ट रहें। बच्चों के स्वास्थ्य के साथ ही आंख, नाक, कान व गला वाले डाक्टरों को भी निर्देशित रखें कि हर मरीज की जांच सही तरह से करें। इसके बाद एडी स्वास्थ्य ने कोविड अस्पताल खोह का निरीक्षण किया। ब्लैक फंगस के लिए बनाए गए अलग वार्ड का निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर में सफाई की व्यवस्था सही कराने को कहा खासकर वार्ड व शौचालयों में ध्यान देने को कहा है।