चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत लोढ़वारा के पास सोमवार की भोर में गिट्टी लदे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें से एक की मौत हो गई। और दूसरे को प्रयागराज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया है।
सीतापुर के राघवपुरी निवासी फोटोग्राफर राजू कुशवाहा ने बताया किउसका चचेरा भाई रोहित कुशवाहा (20) अपने साथी रैन बसेरा सीतापुर निवासी संदीप गुप्ता के साथ बाइक से रविवार को सरधुवा में एक शादी में गया था। लौटते समय लोढ़वारा पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही पीछे से आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक सहित सड़क में गिरकर घायल हो गए। काफी देर तक कोई नहीं पहुंचा। कुछ देर बाद वहां से गुजरी डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। संदीप की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से प्रयागराज रेफर कर दिया गया। बाइक चालक संदीप हेलमेट पहने था। कोतवाल उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ट्रक का पता लगाया जा रहा है।