मऊ(चित्रकूट)। राष्ट्रीय राजमार्ग के मऊ थाना क्षेत्र अहिरी गांव के पास गुरुवार को तेज रफ्तार ट्वेरा ने बाइक पर टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार ममेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। दूसरे को गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर किया गया है। हादसे के बाद ट्वेरा लेकर चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने चालक पर रिपोर्ट दर्ज की है. पुलिस चालक व ट्वेरा की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार मरने वाले युवक ने बाइक चलाते समय हेलमेट नहीं लगा रखा था।
बरगढ़ के जमिरा कालोनी निवासी किशोरी कोल का बेटा राजाबाबू (18) गुरुवार की सुबह बाइक से मामा के घर रैपुरा थाना क्षेत्र के हनुमानगंज आया था। शाम को मामा चंदा कोल के बेटे आकाश (24) के साथ अपने घर लौट रहा था। हाईवे पर अहिरी पेट्रोल पंप के पास प्रयागराज की तरफ से आ रही ट्वेरा ने बाइक पर टक्कर मार दी। दोनों के उछल कर सड़क पर गिरते ही चालक ट्वेरा लेकर मौके से भाग गया। स्थानीय लोगों ने दोनों भाइयों को सीएचसी में भर्ती कराया था। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन रोते-बिलखते हुए अस्पताल पहुंच गए। रिश्तेदारों ने उन लोगों को ढांढस बंधा शांत कराया। मृतक आकाश दो भाइयों में छोटा था। थाना प्रभारी सुभाष चौरसिया ने बताया कि हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ट्वेरा व चालक का पता लगा जा रहा है।