चित्रकूट/सरैंयां। झांसी- मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के रैपुरा थाना अंतर्गत बगरेही गांव के पास साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित हो कर टकरा गई। हादसे में बाइक चालक, उसकी मां और पिता घायल हो गए। वहीं साइकिल सवार छात्र भी घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान बाइक चालक की मौत हो गई। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था।
रैपुरा क्षेत्र के बराछी गांव निवासी देवकुमार सविता (20) पुत्र भोंदल सविता सोमवार को बाइक से जिला मुख्यालय स्थित शंकर बाजार में मौसी राजरानी के घर जा रहे थे। बाइक में मां राजापति व पिता भोंदल भी सवार थे। बाइक जैसे ही हाईवे के बगरेही गांव के पास पहुंची तभी सामने से आ रही एक साइकिल को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर बाइक साइकिल से टकरा गई। इस हादसे में चारों घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां देवकुमार की मौत हो गई। मां व पिता की हालत सही है। वही साइकिल सवार चर निवासी सत्येंद्र (12) पुत्र उदित भी घायल है। सत्येंद्र कक्षा पांच का छात्र है जो लालापुर मंदिर से दर्शन कर गांव लौट रहा था। इस घटना से मृतक युवक के परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक इकलौता पुत्र और पांच बहने हैं। पिता किसान हैं और मृतक खेती के काम में हाथ बंटाता था।