चित्रकूट/खोही। सोमवती अमावस्या पर परिक्रमा कर लौट रहे युवक की बाइक सड़क बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। मृतक की 21 दिन पहले शादी हुई थी।
पहाड़ी थानाक्षेत्र के अशोह गांव निवासी राजेश यादव (21) पुत्र शिवदयाल सोमवार को अपनी बाइक से अकेले अमावस्या पर परिक्रमा करने चित्रकूट आया था। परिक्रमा करने के बाद शाम को वह अपने नाना के गांव बरगदहापुरवा जाने के लिए पीलीकोठी मार्ग से चितरा के रास्ते जा रहा था। अचानक सड़क के डिवाइडर के पास बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह बिजली के खंभे से टकरा गया। सूचना पर सीतापुर पुलिस टीम पहुंची और उसे जानकीकुंड अस्पताल में भर्ती कराया। शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। इसी बीच युवक की मौत हो गई। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी शादी 12 मई को बांदा के महुई गांव में हुई थी।