सोनू उर्फ उमाशंकर आरख व अशोक आरख, फाइल फोटो
- फोटो : CHITRAKUTT
मऊ(चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरौंधा मोड के पास मंगलवार देर रात को ट्रैक्टर और बाइक की भिडंत में ममेरे भाईयों की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोनों भाई अपने दोस्त के साथ मामा के लड़के के तिलक में जा रहे थे। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे प्रयागराज रेफर किया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था।
कर्वी कोतवाली क्षेत्र के कंठीपुर गांव निवासी अशोक आरख (23) पुत्र चुन्नालाल मंगलवार रात को अपने मौसेरे भाई उमाशंकर उर्फ सोनू (25) पुत्र बालकेश आरख निवासी कसहाई गांव व दोस्त रामसुहावन यादव (22) पुत्र चंद्रभान निवासी अलमापुरवा थाना पहाडी के साथ बाइक से मामा मनीष के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए सखौंहा गांव जा रहा था।
हाईवे पर जैसे ही वे सुरौंधा मोड के पास पहुंचे, तभी पुलिया में अचानक सामने से आए एक ट्रैक्टर से उनकी बाइक की भिडंत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार अशोक व सोनू की मौके पर ही मौत हो गई और रामसुहावन गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजा, जहां से डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष सुभाष चौरसिया ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। ट्रैक्टर व चालक को ढूंढा जा रहा है। अभी अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इंजीनियर बनना चाहता था सोनू
मऊ। सड़क हादसे में जान गंवाने वाला सोनू दो भाईयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई मोनू मानिकपुर से आईटीआई कर रहा है। मां सीमा ने बताया कि सोनू भी इंजीनियर बनना चाहता था। पोस्टमार्टम हाउस में उसके दोस्तों ने बताया कि सोनू जिला स्तर का अच्छा क्रिकेटर था।