घायलावस्था में जंगल की झाड़ियों के बीच मौजूद राजकुमार श्रीवास्तव
- फोटो : CHITRAKUTT
मऊ/बरगढ़ (चित्रकूट)। बरगढ़ थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर छतैनी गांव के पास सोमवार की शाम कार सवार दो लोगों ने प्रयागराज जिले के नैनी निवासी एक ईंट-भट्ठा मैनेजर को कार से अगवा कर जान से मारने का प्रयास किया।
हमलावरों ने मैनेजर पर चाकू से वार कर जख्मी कर दिया फिर तेजाब डालकर जंगल में फेंककर भाग गए। ग्रामीणों ने मैनेजर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराकर पुलिस को सूचना दी। मैनेजर का आरोप है कि हमलावरों ने उसके एक लाख रुपये भी छीन लिए। मैनेजर को गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर कर दिया गया है।
प्रयागराज जिले के नैनी के रहने वाले राजेश कुमार श्रीवास्तव पुत्र राजेंद्र श्रीवास्तव नैनी के ही मोहम्मद नजर के ईंट-भट्ठा में मैनेजर पद पर कार्यरत हैं। मऊ सीएचसी में भर्ती होने के दौरान बताया कि सोमवार को वह नैनी में बाइक से पेट्रोल भराने जा रहे थे। रास्ते में कार सवार नैनी निवासी दो परिचित मिले। जिनसे रुपये के लेनदेन का मामला चल है।
पेट्रोल पंप पर बाइक खड़ी कर कार में बैठकर बातचीत करने को कहा। कार में बैठने के बाद दोनों ने चित्रकूट की ओर कार लेकर चल दिए। वह रास्ते में विरोध करता रहा, लेकिन दोनों ने उसे धमकाकर चुप करा दिया। बताया कि इसके बाद बरगढ़ थाना क्षेत्र के छतैनी गांव के पास घाटी में शाम साढ़े चार बजे के आसपास दोनों ने पहले चाकू से वार किए फिर तेजाब डाल दिया।
आरोप लगाया कि इसके बाद इसके बाद एक लाख की नगदी छीन ली और जंगल में फेंककर भाग गए। इस दौरान वहां से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर पड़ी तो शोर मचाया, लेकिन हमलावर कार समेत भागने में सफल रहे। पुलिस ने बताया कि सीएचसी में हालत गंभीर होने पर उनको प्रयागराज भेजा गया।
मऊ एसओ सुभाष चौरसिया व बरगढ़ एसओ रविप्रकाश का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। फिलहाल कार सवार हमलावरों की तलाश की जा रही है। आशंका जताई कि हमलावर प्रयागराज की ओर ही भाग गए होंगे।