ोटो- 13- सपा नेता भरत दिवाकर के शव को बरूआ बांध से नाव पर बांधकर बाहर लाता नाविक
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट/भरतकूप। 14 जनवरी को भरतकूप थाना अंतर्गत बरुआ सागर बांध में पूर्व सदर ब्लाक प्रमुख के नाती व सपा नेता भरत दिवाकर का शव नौवें दिन 22 जनवरी की शाम को मिल गया। शव इसी बांध में ही मिला बस फर्क इतना रहा कि एसडीआरएफ से लेकर विशेषज्ञ मल्लाह तक उसे नहीं ढूंढ पाए। बाद में अपने आप शव पानी में उतराता मिला। सपा नेता के न मिलने से तरह तरह की चल रही अटकलों पर हमेशा के लिए विराम लग गया है। इस तरह कई दिनों से चल रहे इस घटना क्रम का पटाक्षेप भी हो गया।
गौरतलब है कि बीते मंगलवार को सदर कोतवाली क्षेत्र के मुलायम नगर निवासी सपा नेता भरत दिवाकर पत्नी नमिता उर्फ मीनू की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए भरतकूप थाना अंतर्गत बरुआ सागर बांध गया था। जहां नाविक रामसेवक केवट के सहयोग से नाव पर शव रख कर बांध के बीच में ले गए थे। शव फेंकते समय नाव पलटने से सपा नेता व नाविक भी पानी में जा गिरे थे। किसी तरह नाविक बांध से निकल कर जान बचा पाया था। उसे पकड़कर पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की थी, तब पूरा राज खुला था। दो दिन तक भरत व मीनू का शव न मिलने पर पुलिस प्रशासन ने गुरुवार को एसडीआरएफ टीम को बुलाया था। इसी दिन एसडीआरएफ की टीम ने सपा नेता की पत्नी का पत्थर से बंधा शव बांध से बरामद किया था। सपा नेता के शव को पांच दिन तक टीम तलाशती रही, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका था। बिहार से भी गोताखोर आए थे। आखिरकार मंगलवार को टीम वापस लौट गई। दो दिन से स्थानीय लोग अपने स्तर से उसकी खोजबीन कर रहे थे तभी बुधवार की शाम एक शव उतराता दिखने पर वहां मौजूद लोगों ने सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंचे अपर एसपी बलवंत चौधरी, सीओ रजनीश यादव, कोतवाल अनिल सिंह, भरतकूप थाना प्रभारी संजय उपाध्याय, शिवरामपुर चौकी प्रभारी अजीत सिंह मौके पर पहुंचे। मृतक भरत ही होने पर उसके परिजनों को सूचना देकर बुलवाया। मृतक की मां चुनबुद्दी देवी व अन्य परिजनों ने शव की शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत का कारण वैसे पानी में डूबना ही है, लेकिन पुलिस का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सही जानकारी होगी। अपर एसपी ने बताया कि घटना वाले दिन भरत अपनी पत्नी की हत्या कर शव ठिकाने लगाते समय नाव पलटने से डूब गया था। उसके साथ केवट रामसेवक व भरत कुछ दूर तक साथ साथ आए, लेकिन रास्ते में भरत की सांसें उखड़ने लगीं और वह डूब गया था। इसकी पुष्टि पकड़े गए नाविक रामसेवक ने भी की है। भरत व रामसेवक के खिलाफ मीनू की हत्या कर शव फेंकने की रिपोर्ट दर्ज है। रामसेवक जेल जा चुका है। भरत की तलाश चल रही थी। बुधवार को बांध से ही भरत का शव बरामद हो चुका है। सपा नेता का शव बरामद होने के बाद तमाम कयासों में विराम लग गया है। मृतक के पांच वर्षीय पुत्री है।
यह चीजें हुईं बरामद
हाथ में बंधी घड़ी, एक जूता, एक मोबाइल, एक हजार रुपये नगद व घर की चाबी बरामद हुई है। वहीं जैकेट, एक जूता व एटीएम कार्ड नहीं मिला है।