मुख्यालय के सीमावर्ती हनुमानधारा से मोहकमगढ़ को
जोड़ने वाले मार्ग पर बन रहे पुल निर्माण का काम तो पुलिस सुरक्षा में शुरू
हो गया है, लेकिन डकैत शिवा पटेल गैंग की 20 लाख की चौथ पहुंचाने की धमकी
भरा पत्र मिलने से ठेकेदार, सप्लायर्स, इंजीनियर्स व मजदूरों में खौफ समाया
है। यूपी-एमपी की पुलिस टीमें लगातार जंगल में कांबिंग कर रही हैं।
मुख्यालय
से सटे नया गांव थाना क्षेत्र में तीस हजार के इनामी डकैत शिवा पटेल गैंग
ने मोहकमगढ़ में बन रहे पुल निर्माण कार्य को शनिवार की रात रोक दिया था।
कुछ मजदूरों को जमकर पीटा था, जिससे मजदूरों के साथ सभी के मन में खौफ
समाया है। सोमवार की सुबह अपर एसपी रामेश्वर यादव व टीआई राघवेंद्र
द्विवेदी ने मौके पर जाकर मजदूरों का हौंसला बढाया।
इसके बाद निर्माण कार्य
शुरू हो पाया। इस बीच पिटे मजदूर विनोद यादव, रामप्रकाश व विनोद वर्मा ने
डकैत द्वारा दिया गया पत्र ठेकेदार राजकरण सिंह रीवा को दिया।
पत्र में
डकैत ने ठेकेदार से बीस लाख रुपये एक सप्ताह के अंदर पहुंचाने की धमकी दी
है। ठेकेदार ने सेतु निर्माण निगम के अधिकारी व इंजीनियर्स के साथ अपर
पुलिस अधीक्षक से मिले। पुलिस ने सभी को सुरक्षा का भरोसा दिया।
डकैत शिवा
गैंग की तलाश में यूपी एमपी की पुलिस टीमें अनुसूइया जंगल व आस-पास के जंगल
में कांबिंग करती रही।
हनुमानधारा से मोहकमगढ़ को जोड़ने वाला यह पुल
आठ करोड़ तीस लाख की लागत से सेतु निर्माण विभाग करा रहा है।
बताया गया है
कि पुल का लगभग आधा काम पूरा हो चुका है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय कालूपुर
में अपराध समीक्षा बैठक हुई। इसमें एसपी केके चौधरी ने कहा कि डकैत शिवा
पटेल गैंग को जल्द पकड़ा जाएगा। बैठक में अपर एसपी आरडी चौरसिया समेत सभी
थानाध्यक्ष मौजूद रहे।