चित्रकूट। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कर्वी तहसील के बरुआ बांध का जायजा लिया। इस दौरान जलग्रहण क्षेत्र की सफाई के बाद इस वर्ष बांध 60 फीसदी भर गया है। यह पिछले 15-16 वर्षों के 15-20 फीसदी भराव से काफी अधिक है।
अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2024-25 में बरुआ बांध का नवीनीकरण कार्य पूरा हुआ। इसमें बांध पर मिट्टी का कार्य, पिचिंग और स्पिलवे गेट की मरम्मत शामिल थी। वर्ष 1967 में निर्मित इस बांध की पूर्ण जलभंडारण क्षमता 24.90 एमसीएम है। बरुआ नहर प्रणाली की कुल लंबाई 65.473 किलोमीटर है। यह प्रणाली 5463 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई करती है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में बरुआ नाल और बराछ नाला की सफाई से बांध में जलस्तर बढ़ा। जिलाधिकारी ने बांध की खाली जमीन पर वृक्षारोपण और सिंचाई योजनाओं के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। जनपद में 53 तालाबों को नहरों के माध्यम से भरने का लक्ष्य है। इनमें से छह तालाब अब तक भरे जा चुके हैं। शेष तालाबों को भरने का कार्य तेजी से प्रगति पर है। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता शशिकांत प्रसाद, सहायक अभियंता संजय गौतम और जूनियर इंजीनियर देवेंद्र कुमार शुक्ल उपस्थित रहे। (संवाद)