चित्रकूट। बरगढ़-मढ़ा मार्ग के दिन बहुरने वाले हैं। हादसों को दावत दे रहे इस जर्जर अंतरराज्यीय मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण को शासन से मंजूरी मिल गई है।
10.800 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को अब सात मीटर चौड़ा किया जाएगा, जिस पर 3855.73 लाख रुपये खर्च होंगे। यह मार्ग चित्रकूट के बरगढ़ को मध्य प्रदेश के रीवा जिले से जोड़ता है, इसलिए इसका सामरिक और व्यापारिक महत्व अधिक है। वर्तमान में सड़क की चौड़ाई महज 3 से 3.75 मीटर है।
दो वाहनों के आमने-सामने आने पर निकलना मुश्किल होता है और अक्सर जाम व हादसे होते हैं। बरसात में गड्ढों में पानी भरने से पैदल चलना भी दूभर हो जाता है।
संकरी सड़क के कारण व्यापारिक वाहनों, यात्रियों, स्कूली बच्चों और एंबुलेंस तक को परेशानी झेलनी पड़ती है। किसानों को अपनी उपज मंडी तक ले जाने में दिक्कत आती है। ग्रामीण कई वर्षों से सड़क चौड़ी करने की मांग कर रहे थे। लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड ने सड़क चौड़ीकरण की कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी थी। शासन ने 10.800 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को सात मीटर चौड़ा करने की मंजूरी दी है।
दर्जनों गांवों के लोगों का आवागमन होगा सुगम
सड़क निर्माण पूरा होने के बाद कल्चिहा, बरगढ़, गुंड्या, मनका, कोलमजरा, कोटवामाफी, चचोखर, खोहर, तुरगवां, सेमरा, अटारी, कटैया डांडी सहित दर्जनों गांवों के लोगों का आवागमन सुगम हो जाएगा। साथ ही रीवा की ओर से आने-जाने वाले वाहनों और व्यापारिक लेन-देन में भी सुविधा होगी।
वर्जन
सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेजा गया था, शासन ने इसकी मंजूरी दी है। जल्द ही ई-टेंडरिंग प्रक्रिया पूरी करा कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। -अखिलेश कुमार, अधिशासी अभियंता, लोनिवि के निर्माण खंड।