मानिकपुर/राजापुर /पहाड़ी (चित्रकूट)। दो दिन से हो रही बारिश से बरदहा और मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ गया। इससे पाठा क्षेत्र के 10 गांव के लोगाें का आवागमन बाधित हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार दो दिन में लगभग 40 एमएम बारिश हो चुकी है। उधर, बारिश से ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों और गलियों में जलभराव हाे गया। इससे लोगों को आने-जाने में समस्या हो रही है।
राजापुर कस्बे में कर्वी-राजापुर मार्ग सहित कस्बे के तुलसी चौक, कमासिन मार्ग पर जलनिकासी की व्यवस्था न होने से बरसात का पानी सड़कों पर भरा रहा। सड़कों पर गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चिल्लीमल, सगवारा, बरद्वारा, सुरसेन, भदेहदू आदि गांवों की गलियों में जलभराव हो गया है।
पहाड़ी क्षेत्र भी पहाड़ी कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव सड़कों व गलियों में हो गया है। पहाड़ी कस्ब के पहाड़ी-कर्वी मार्ग में कई स्थानों पर गड्डे है जहां पानी भरा हुआ है। गांव चकला, अशोह, भानपुर कलवारा, सिधौली, पथरा आदि गांवों जाने वाले रास्ते में जलभराव की समस्या हो गई।
मऊ क्षेत्र में भी बारिश से राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बसी बस्तियों की गलियों जलभराव की समस्या है। इसी तरह से मऊ मंडौर रोड में भी कुछ स्थानों पर जल भराव होने से निकलना मुश्किल हो रहा है। मानिकपुर कस्बे में बारिश होते ही मुख्य बाजार की गलियों में जलभराव हो गया। यही हाल शिवरामपुर, भरतकूप कस्बा में देखने को मिल रहा है। शिवरामपुर लैनाबाबा रोड, स्टेशन रोड की गलियों में पानी भरा हुआ है। कस्बे के पप्पू, सुरेश ने बताया कि नालियां छोटी होने व पानी के निकासी के लिए रास्ता नहीं होने से बारिश होने पर जलभराव की समस्या हो जाती है।